जदयू कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती मनाई गई


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मंगलवार को बक्सर जदयू कार्यालय में किसान नेता एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि आज के दौर में चौधरी चरण सिंह जैसी सोच और सिद्धांतों वाला व्यक्ति मिलना बेहद दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब ने आत्मसम्मान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के मूल्यों की रक्षा के लिए देश के सर्वोच्च पद प्रधानमंत्री से इस्तीफा देना भी उचित समझा। यह उनके चरित्र की महानता और लोकतंत्र के प्रति उनकी अटूट निष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का मानना था कि लोकतंत्र और समाजवाद एक-दूसरे के पूरक हैं और किसानों, मजदूरों तथा कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा ही सच्चा राष्ट्र निर्माण है। अशोक कुमार सिंह ने आगे कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपना पूरा जीवन किसानों के हित में समर्पित कर दिया। उनकी नीतियों और विचारों से आज भी देश की राजनीति को दिशा मिलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि चौधरी साहब के बताए मार्ग पर चलकर समाज में समानता और न्याय की स्थापना के लिए काम करें।
कार्यक्रम में मोहन चौधरी, संजय सिंह राजनेता, कुमार ज्ञानेंद्र उर्फ संतोष चौधरी, पंकज मानसिंहका, संजय चौधरी, संजय सिंह, मोहमद मुस्तफा, राजेश कुशवाहा, विनोद कुमार ठाकुर, मनजी यादव, सुरेंद्र कुशवाहा, संजय कुमार, धनजी राम, हरेराम यादव सहित दर्जनों की संख्या में जदयू नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में चौधरी चरण सिंह के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेकर किसानों के हक और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।





