नववर्ष पर जेडीयू जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह का भव्य लिट्टी–चोखा मैत्री भोज, उमड़ा जनसैलाब
स्टेशन रोड स्थित वृंदावन वाटिका में विभिन्न दलों के नेताओं और हजारों लोगों ने लिया हिस्सा, भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
नववर्ष के पावन अवसर पर जनता दल (यूनाइटेड) के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य लिट्टी–चोखा मैत्री भोज का आयोजन किया गया। यह आयोजन शहर के स्टेशन रोड स्थित वृंदावन वाटिका मैरिज हॉल में संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गुरुवार को आयोजित यह मैत्री भोज सुबह 11 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक लगातार चलता रहा। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। भोज में लिट्टी–चोखा के साथ खीर भी परोसी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। आयोजन स्थल पर पूरे दिन सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा और लोग एक-दूसरे से मिलकर नववर्ष की शुभकामनाएं देते नजर आए। इस अवसर पर जेडीयू के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि यह मैत्री भोज हर वर्ष नववर्ष के पहले दिन आयोजित किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी मेल-मिलाप, संवाद और भाईचारे को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर लोगों का एक साथ आना और नए साल की शुभकामनाएं देना सामाजिक एकता का प्रतीक है। कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों के प्रति उन्होंने आभार प्रकट किया।
मैत्री भोज में जिले के कई प्रमुख चेहरे और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें हिंगमणी, संजय सिंह (राजनेता), संजय चौधरी, विजय सिंह कुशवाहा, प्रेम मिश्रा, राजेश कुशवाहा, मनोज कुशवाहा (जिला पार्षद प्रतिनिधि), पंकज मानसिंहका, पूर्व मंत्री अजित चौधरी, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य राजू खरवार, दिनेश सिंह, हरेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह, आजाद सिंह राठौर सहित अन्य कई नेता व सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे। इसके अलावा जिले के सभी पंचायतों से लगभग हजारों की संख्या में लोग इस मैत्री भोज में पहुंचे। लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने वाला बताया। नववर्ष के मौके पर इस तरह के आयोजन से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया और लोगों ने आने वाले वर्ष के लिए शांति, विकास और सद्भाव की कामना की।
वीडियो देखें :





