जननायक कर्पूरी न्यास स्मृति के तत्वाधान में धूमधाम से मनाई गई भिखारी ठाकुर की जयंती
भोजपुरी भाषा व संस्कृति के उत्थान पर वक्ताओं ने रखे विचार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जननायक कर्पूरी न्यास स्मृति के तत्वाधान में शहर के श्वेत नगर मोहल्ले में भोजपुरी के शेक्सपियर कहे जाने वाले महान लोककवि, नाटककार एवं समाज सुधारक भिखारी ठाकुर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी दीनानाथ ठाकुर ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत भिखारी ठाकुर के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उन्हें भोजपुरी समाज की अमूल्य धरोहर बताया। वक्ताओं ने कहा कि भिखारी ठाकुर ने अपने नाटकों और गीतों के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों, महिला पीड़ा, प्रवास की समस्या और श्रमिकों के संघर्ष को सशक्त रूप से जन-जन तक पहुँचाया। अध्यक्षीय संबोधन में दीनानाथ ठाकुर ने कहा कि भिखारी ठाकुर केवल एक कलाकार नहीं थे, बल्कि वे समाज के दर्पण थे। उन्होंने अपनी रचनाओं के जरिए आमजन की आवाज़ को मंच दिया और भोजपुरी भाषा को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज की पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर राम इकबाल ठाकुर, जगदीश ठाकुर, हृदय नारायण ठाकुर, मोहित ठाकुर, विकास ठाकुर सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और भिखारी ठाकुर की रचनाओं को आज के सामाजिक परिप्रेक्ष्य में भी प्रासंगिक बताया। कार्यक्रम में खुशी कुमारी, आयुष कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन के दौरान भोजपुरी संस्कृति, साहित्य और लोक परंपराओं के संरक्षण पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम का समापन भिखारी ठाकुर के आदर्शों को आत्मसात करने और भोजपुरी भाषा-संस्कृति के प्रचार-प्रसार का संकल्प लेकर किया गया।





