जन सुराज पार्टी ने जारी की बक्सर, डुमरांव एवं राजपुर विधानसभा के प्रत्याशियों के नाम



न्यूज विज़न। बक्सर
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जन सुराज पार्टी ने सोमवार को अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है जिसमें 65 प्रत्याशी शामिल है। इस सूची में बक्सर जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र बक्सर, डुमरांव और राजपुर शामिल हैं। वहीं, ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अभी प्रत्याशी का चयन नहीं किया जा सका है।








पार्टी के प्रदेश कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, बक्सर विधानसभा सीट से तथागत हर्षवर्धन, डुमरांव विधानसभा सीट से सिवान विजय सिंह तथा राजपुर (सुरक्षित) विधानसभा सीट से धनंजय पासवान को उम्मीदवार घोषित किया गया है। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, यह सूची प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय चुनाव समिति की स्वीकृति के बाद जारी की गई है। जन सुराज पार्टी ने इसके पहले बिहार के 51 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। अब दूसरी सूची जारी होने के बाद पार्टी ने बिहार में अपने संगठनात्मक विस्तार और चुनावी तैयारी को और गति देने की बात कही है।




पार्टी के प्रवक्ताओं ने बताया कि जन सुराज पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में “ईमानदारी, पारदर्शिता और जनता के मुद्दों पर आधारित राजनीति” को लेकर जनता के बीच जाएगी। वहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनसंपर्क अभियान तेज करने का निर्देश दिया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, तीसरी सूची शीघ्र ही जारी की जाएगी, जिसमें शेष बचे विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नाम शामिल किए जाएंगे।

