बच्चों के खेल से शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, महिलाओं की मारपीट में एक की मौत
कोरानसराय थाना क्षेत्र के कनझरूआ गांव की घटना, आरोपित महिला समेत तीन बेटियां हिरासत में; दो नाबालिग भी शामिल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के कोरानसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत कनझरूआ गांव में शनिवार को बच्चों के बीच खेल-खेल में हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में दो पक्षों की महिलाओं के बीच हुई जमकर मारपीट के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के बीरबहादुर साह और विजय साह उर्फ छोटक साह के छोटे बच्चों के बीच खेलते समय किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। हालांकि, उस समय यह मामला शांत हो गया था, लेकिन बच्चों द्वारा घर जाकर घटना की जानकारी देने के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया। बताया जाता है कि शनिवार की शाम करीब 39 वर्षीय सुनीता देवी, जो बीर बहादुर साह की पत्नी थीं, घर से टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान विजय साह की पत्नी कंचन देवी अपनी तीन बेटियों के साथ पहुंची और सुनीता देवी के साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सुनीता को सड़क पर पटक दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में सुनीता देवी को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही कोरानसराय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मुख्य आरोपित कंचन देवी सहित उसकी तीन बेटियों को हिरासत में ले लिया। इनमें से दो बेटियां नाबालिग बताई जा रही हैं। पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है और घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चों के विवाद में यह हत्या हुई है। उन्होंने कहा कि आरोपित महिला और उसकी बेटियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी। रविवार को भी गांव में इस घटना की चर्चा जोरों पर रही। एक छोटे से बच्चों के विवाद का इतना भयावह रूप लेने पर ग्रामीणों ने गहरी चिंता व्यक्त की और इस तरह की हिंसक घटनाओं की कड़ी निंदा की। वहीं, पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी की जा रही है।





