औद्योगिक थाना से संदिग्ध वाहन चोर फरार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के औद्योगिक थाना से एक संदिग्ध वाहन चोर के फरार हो जाने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। थाना हाजत से आरोपी के चकमा देकर भाग निकलने की घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार औद्योगिक थाना पुलिस बुधवार की शाम वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दिव्यांशु कुमार को पकड़ा गया। पुलिस को आशंका थी कि युवक बाइक चोर गिरोह से जुड़ा हो सकता है। प्राथमिक पूछताछ के बाद उसे थाना हाजत में बंद कर दिया गया। बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह युवक शौच जाने का बहाना बनाकर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के भागते ही थाना परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन वह उनकी नजरों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी गई। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। हालांकि थाना हाजत से आरोपी के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस की सतर्कता पर चर्चा तेज हो गई है।





