POLITICS

बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर युवा कांग्रेस का 12 जून को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन का ऐलान

युवा कांग्रेस ने राज्य सरकार को अपराध नियंत्रण में विफल बताते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार को उखाड़ फेंकने की चेतावनी दी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार में बढ़ते अपराधों को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। लूट, हत्या, बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों की बढ़ती घटनाओं से आक्रोशित होकर बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का निर्णय लिया है। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पंकज उपाध्याय ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की जानकारी दी कि आगामी 12 जून को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे।

 

उन्होंने सरकार को अपराध नियंत्रण में पूर्णतः विफल बताया और कहा कि जनता में भय और असुरक्षा का माहौल दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। सरकार अपराधियों पर कोई सख्त कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बनी हुई है। बिहार में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि आम जनता दिन में भी सुरक्षित नहीं महसूस कर रही है। युवा कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी। 12 जून को राज्यव्यापी विरोध से इसकी शुरुआत होगी और विधानसभा चुनाव में इस निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंका जाएगा।

 

जिला युवा कांग्रेस प्रभारी राम सिंह चौधरी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में बिहार के विभिन्न जिलों से हत्या, गैंगरेप, लूट, छिनतई और अपहरण जैसी कई आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं। कई मामलों में अब तक न तो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं और न ही पीड़ितों को न्याय मिल पाया है। राज्य सरकार पर विपक्ष लगातार दबाव बना रहा है कि वह कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करे, लेकिन हालात सुधरते नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में अब युवा कांग्रेस की यह पहल आने वाले समय में राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है। आशुतोष त्रिपाठी ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी सजा दी जाय, पुलिस प्रशासन में जवाबदेही तय हो, आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, हर जिले में अपराध कंट्रोल के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाय।

बिहार की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर युवा कांग्रेस का यह आक्रामक रुख कहीं न कहीं सरकार के लिए चिंता का विषय बन सकता है। देखना दिलचस्प होगा कि 12 जून को होने वाला यह राज्यव्यापी धरना कितना व्यापक और प्रभावशाली होता है, और इससे राजनीतिक समीकरणों पर क्या असर पड़ता है। प्रेसवार्ता में लक्ष्मण उपाध्याय जिला कार्यकारी अध्यक्ष, अलोक पासवान जिला उपाध्यक्ष, प्रभात कुमार, राजा तिवारी समेत अन्य मौजूद रहे।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button