बाढ़ की आशंका के मद्देनजर प्रशासन सतर्क, अपर समाहर्ता ने किया संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण




न्यूज़ विज़न। बक्सर
गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने अंचल ब्रह्मपुर के अंतर्गत बाढ़ से संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।






निरीक्षण के दौरान उन्होंने नैनीजोर बांध, बिहार घाट और धाबी टोला पहुंचकर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इन इलाकों में गंगा के बढ़ते जलस्तर से तटीय गांवों में चिंता का माहौल है। अपर समाहर्ता ने वहां उपस्थित अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों से बातचीत कर संभावित खतरों और तैयारियों की जानकारी ली। मौके पर उन्होंने अंचल अधिकारी ब्रह्मपुर को निर्देश दिया कि बाढ़ के खतरे की निगरानी के लिए सतत चौकसी बरती जाए। साथ ही सभी आवश्यक संसाधनों और राहत-सामग्री की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों तक तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके।

अपर समाहर्ता ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार जलस्तर की मॉनिटरिंग कर रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर तटवर्ती गांवों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्ययोजना भी तैयार है। वही लोगों से अपील की कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते मदद मिल सके। निरीक्षण के दौरान स्थानीय राजस्व कर्मचारी और बाढ़ नियंत्रण से जुड़े अन्य कर्मी भी मौजूद रहे।

