चौसा नगर पंचायत की बैठक में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, हाईमास्ट लाइट से लेकर फॉगिंग मशीन खरीद तक कई प्रस्ताव पारित
गर्मी और बारिश को ध्यान में रखते हुए पानी, सफाई व रोशनी की व्यवस्था पर जोर, यादव मोड़ को सांस्कृतिक पहचान के रूप में विकसित करने की पहल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
सोमवार को नगर पंचायत चौसा कार्यालय में सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक मुख्य पार्षद किरण देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने किया। बैठक में नगर क्षेत्र के समग्र विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और मौसमी समस्याओं के समाधान को लेकर कई अहम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य पार्षद किरण देवी ने कहा कि नगर क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार हाईमास्ट लाइट लगाने की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे शहर की रोशनी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। इसके साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए वार्डों में आम लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। जिन क्षेत्रों में पीएचईडी द्वारा पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है, वहां चापाकल लगाने और समरसेबल के साथ टंकी स्थापित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने आगे बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सामुदायिक शेड निर्माण की योजना को भी स्वीकृति दी गई है, जिससे आम लोगों को सुविधा मिल सके। वहीं, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से निजात दिलाने के लिए वाहन युक्त फॉगिंग मशीन की खरीद पर भी सहमति बनी। आगामी बरसात को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्र के नालों की साफ-सफाई कराने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग की योजना के तहत चौक-चौराहों को विरासत एवं संस्कृति की पहचान के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई। इसी क्रम में चौसा यादव मोड़ को एक प्रतीकात्मक स्थल के रूप में विकसित करने हेतु पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेजकर एनओसी की मांग करने का निर्णय लिया गया। साथ ही शहीद सुनील यादव के नाम पर तोरण द्वार एवं प्रतीक चिन्ह स्थापित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके अलावा नाली-गली से संबंधित विभिन्न योजनाओं को भी स्वीकृति दी गई, जिन्हें निविदा प्रक्रिया के माध्यम से पूरा कराया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि चौसा नगर पंचायत के विकास के लिए रोशनी, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार के निर्देशों के अनुसार नियम-कानून का पालन करते हुए विकास कार्यों को गति दी जाएगी और किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। बैठक में सशक्त स्थायी समिति के सदस्य श्रीमती ललिता देवी, श्री चंदन चौधरी, श्री आनंद कुमार रावत, सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी मोहम्मद अरशद हैदर नक़वी तथा प्रभारी प्रधान सहायक सत्य प्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





