बिहार दिवस पर डुमरांव में प्रतिभा का उत्सव: राज उच्च विद्यालय में तीन दिवसीय प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ
चित्रकला प्रतियोगिता से हुई शुरुआत, वाद-विवाद, क्विज, रंगोली और कवि गोष्ठी से गूंजेगा कला-सांस्कृतिक मंच


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार दिवस के पावन अवसर पर डुमरांव प्रखंड स्थित राज उच्च विद्यालय के कला एवं सांस्कृतिक भवन में तीन दिवसीय विविध प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन शुरू हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही उपस्थित सभी लोगों ने “मेरे भारत के कंठहार” गीत पर खड़े होकर एकजुटता का परिचय दिया और उन्नत बिहार–उज्ज्वल बिहार की परिकल्पना को साकार करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति और सांस्कृतिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा। तीन दिवसीय इस आयोजन की संपूर्ण जिम्मेदारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनुराग मिश्र के नेतृत्व में सफलतापूर्वक निभाई जा रही है। आयोजन के पहले दिन चित्रकला प्रतियोगिता के साथ कार्यक्रम का आगाज हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कला कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
आयोजकों के अनुसार, 23 मार्च को वाद-विवाद प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता एवं कवि गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान मूर्तिकला, रंगोली एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन को सफल बनाने में पल्लवी यादव, डॉ. संतोष ओझा, शैलेंद्र पांडे, निर्भय कुमार यादव, नवीन तिवारी, उत्सव कुमार, पूर्णानंद मिश्र, प्रदीप कुमार, रवि प्रभात, मुक्तेश्वर यादव सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही। कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम बना है, बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी नई पीढ़ी के बीच सशक्त रूप से प्रस्तुत कर रहा है।





