CRIME

1100 रुपये के विवाद में पति बना हैवान, लाठी-डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या

बक्सर के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मदन डेरा गांव की घटना, पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार; दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत मदन डेरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 1100 रुपये के विवाद में पति ने लाठी-डंडे से पीटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

 

मिली जानकारी के अनुसार धनसोई की रहने वाली सोनम की शादी मदन डेरा गांव निवासी सोनेलाल यादव के साथ हुई थी। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले सोनम ने 1100 रुपये खर्च कर दिए थे, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। रविवार की सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। विवाद के दौरान गुस्से में आकर सोनेलाल यादव ने लाठी-डंडे से अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने के कारण सोनम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी।

 

सूचना मिलने के बाद इटाढ़ी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जिससे गांव का माहौल गमगीन हो गया। इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनु कुमार ने बताया कि प्राथमिक सूचना के आधार पर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button