मान्यवर कांशीराम की 92वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई, सामाजिक न्याय के संघर्ष को किया गया याद
अंबेडकर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कांशीराम के विचारों को बताया आज भी प्रासंगिक, बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर किया गया माल्यार्पण


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर। रविवार को अनुसूचित जाति-जनजाति कर्मचारी संघ जिला इकाई बक्सर के तत्वावधान में शहर के अंबेडकर चौक पर मान्यवर कांशीराम की 92वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष महेंद्र राम ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद गौतम बुद्ध, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा महानायक कांशीराम के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कांशीराम साहब के जीवन और उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने अपने पूरे जीवन में सामाजिक न्याय, समानता और बहुजन समाज के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। इसी उद्देश्य को लेकर उन्होंने बामसेफ,दलित शोषित संघर्ष समाज और बाद में बहुजन समाज पार्टी की स्थापना की।
वक्ताओं ने कहा कि कांशीराम का मानना था कि लोकतंत्र में राजनीतिक सत्ता और व्यवस्था समय-समय पर बदलती रहनी चाहिए, तभी समाज में वास्तविक समानता और न्याय की स्थापना संभव है। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन संघ के उपाध्यक्ष रमेश चंद्र राम ने किया। इस अवसर पर संघ के सचिव अमित कुमार, कोषाध्यक्ष अनुग्रह कुमार, पूर्व अध्यक्ष जनार्दन राम, पूर्व अध्यक्ष हीरालाल राम, पूर्व अध्यक्ष राम बच्चन बौद्ध, रामबचन राम, श्रीनिवास राम, रामजी केसरी, बद्री पाल, मनु कुशवाहा, रामनरेश राम, वीरेंद्र कुमार, सुशीला देवी, प्रेमशिला देवी, धर्मराज सिंह, मुकेश कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।





