तेज रफ्तार का कहर: स्कूल जा रहे दो मासूमों को बालू लदे ट्रैक्टर ने कुचला, एक की मौत
सिकरौल थाना क्षेत्र के बसाव कला गांव में दर्दनाक हादसा, एक बच्चा गंभीर रूप से घायल; ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार


न्यूज विज़न। बक्सर
जिले के सिकरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत बसाव कला गांव में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्कूल पढ़ने जा रहे दो मासूम बच्चों को तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इस हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसाव कला निवासी राजेंद्र कुमार सिंह के 7 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार उर्फ बुलबुल और मिथलेश पाल के 8 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार पाल प्रतिदिन की तरह मध्य विद्यालय बसाव कला पढ़ने जा रहे थे। दोनों बच्चे जैसे ही ठाकुरपुर–बसाव कला मार्ग के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे दोनों बच्चे सड़क पर ही कुचल गए। हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और गंभीर रूप से घायल सुजीत कुमार को तुरंत बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया। वहीं मृतक ऋतिक कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है और तेज रफ्तार व अवैध बालू ढुलाई पर रोक लगाने की मांग उठने लगी है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष अंकुश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। प्रशासन की ओर से दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। वहीं ग्रामीणों ने स्कूल मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वीडियो देखें :





