ACCIDENT

तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत

चौसा-कोचस मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, परिवार में मचा कोहराम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर जलहरा बैंक के समीप शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला स्थित मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिरौली गांव निवासी 30 वर्षीय राकेश खरवार, पिता अशोक खरवार के रूप में हुई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश खरवार किसी शादी समारोह में शामिल होने के बाद कोचस की ओर से अपने घर लौट रहे थे। रात लगभग 11 बजे जैसे ही उनकी बाइक जलहरा बैंक के पास पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। घटना स्थल सुनसान होने के कारण तत्काल कोई मदद नहीं मिल सकी। हादसे के बाद ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने युवक को अचेत अवस्था में देखा और तत्काल इसकी सूचना राजपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मोबाइल से हुई पहचान, परिजनों में मचा कोहराम
मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार, राकेश एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और वहीं से घर लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

राजपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फरार ट्रक की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। यह हादसा एक बार फिर से तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्कता की जरूरत को उजागर करता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button