ACCIDENT

तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक की मौत, 8 गंभीर रूप से घायल

राजपुर थाना क्षेत्र के नायरा पेट्रोल पंप के समीप हुयी घटना, मचा हाहाकार

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 

राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बक्सर कोचसप मुख्य मार्ग पर उस वक्त कोहराम मच गया जब नायरा पेट्रोल पंप के समीप एक बेकाबू डंपर ने तेज रफ्तार में एक टेंपो को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दिनारा थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी यात्री बक्सर से टेंपो पर सवार होकर तियरा की ओर लौट रहे थे। जैसे ही टेंपो पेट्रोल पंप के पास पहुँचा, कोचस की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि टेंपो पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। आसपास चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीण और पूर्व मुखिया सत्येंद्र नारायण सिंह ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तत्काल राजपुर सीएचसी में भर्ती कराया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, बक्सर रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक घटनास्थल से फरार हो गया।

 

घटना में हुए घायल में सखुआना निवासी  50 वर्षीय कृष्णा सिंह पिता स्वर्गीय ललन सिंह, 30 वर्षीय कुमारी रीता पति कृष्ण कुमार सिंह ,20 वर्षीय नीतू कुमारी पिता कृष्ण कुमार सिंह, 21 वर्षीय अभिषेक कुमार पिता कृष्ण कुमार सिंह, बघेलवा गांव निवासी 13 वर्षीय नीरज कुमार पिता हरिशंकर राम, रोहतास जिला के दिनारा थाना क्षेत्र के देआदहा निवासी 23 वर्षीय ज्वाला कुमार पिता मुनी रजक शामिल है। राजपुर थानाध्यक्ष ज्ञानप्रकाश सिंह ने बताया की  घटना में मृतक की पहचान दिनारा थाना क्षेत्र के दयधरा निवासी मेहीलाल रजक के पुत्र शोभनाथ बैठा उम्र 50 वर्ष के रूप में हुयी है वही दो अन्य घायलों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है।  साथ ही डम्पर की पहचान की भी कोशिश की जा रही है।

 

वीडियो सिद्धार्थ कुमार ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। यह हादसा न केवल प्रशासनिक सतर्कता पर सवाल खड़े करता है, बल्कि सड़कों पर बेलगाम रफ्तार की एक और खौफनाक बानगी पेश करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button