ACCIDENT

तेज रफ्तार बाइक पलटने से दो युवकों की मौत, गांव में पसरा मातम

राजपुर थाना क्षेत्र के हेठुआ–बिजौली मुख्य पथ देर रात पार्टी से लौटने के दौरान अनियंत्रित बाइक नाले में चली गयी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हेठुआ–बिजौली मुख्य पथ पर शनिवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। अकोला डीह पुल के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पानी भरे नाले में पलट गई, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों की पहचान हेठुआ पंचायत के नोनौरा गांव निवासी 19 वर्षीय अर्जुन कुमार, पिता शिव पासवान एवं 20 वर्षीय राजीव कुमार, पिता महेंद्र चौहान के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक आपस में मित्र थे और एक ही बाइक पर सवार होकर देर रात अपने गांव लौट रहे थे।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात बिजौली गांव में किसी के यहां पार्टी कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों युवक बाइक से नोनौरा गांव की ओर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हेठुआ गांव से कुछ दूरी पहले अकोला डीह पुल के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित पानी भरे नाले में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। कुछ देर बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की नजर दुर्घटनाग्रस्त बाइक पर पड़ी। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना राजपुर थाना को दी। सूचना मिलते ही गश्त पर निकली डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल ले गई। हालांकि अस्पताल ले जाने के क्रम में ही राजीव कुमार ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अर्जुन कुमार को भी मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों युवकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नोनौरा गांव सहित आसपास के गांवों में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों युवक मिलनसार स्वभाव के थे और परिवार की उम्मीद माने जाते थे।

 

इस संबंध में राजपुर थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button