CRIME

हार्वेस्टर की चिंगारी से राजपुर में ढाई एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख

राजपुर थाना क्षेत्र के छितन डिहरा बधार की घटना, किसानों में मचा हड़कंप

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रसेन पंचायत के छितन डिहरा गांव के बधार में गुरुवार की दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब हार्वेस्टर मशीन से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस आगजनी में करीब ढाई एकड़ में लगी गेहूं की तैयार फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

 

कटनी के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में इन दिनों गेहूं की फसल पूरी तरह पक चुकी है और गांव-गांव में कटनी का कार्य तेज़ी से चल रहा है। छितन डिहरा बधार में भी हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई की जा रही थी। इसी दौरान अचानक मशीन से निकली चिंगारी संतोष कुमार राय के खेत में जा गिरी और आग लग गई। आग लगते ही तेज़ हवा के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में लेने लगी। धुआं और आग की लपटें देख खेतों में काम कर रहे किसानों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

 

 

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, समरसेबल से बुझाई आग
शोर सुनकर दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल समरसेबल (पंप सेट) चालू कर आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड टीम की कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटों में आग पर काबू पाया जा सका।

 

दो किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद
इस भीषण आगजनी में संतोष कुमार राय के साथ-साथ ओड़वार गांव के किसान रामजी सिंह के खेत में लगी गेहूं की फसल भी पूरी तरह जलकर राख हो गई। ग्रामीणों के अनुसार कुल मिलाकर लगभग ढाई एकड़ में लगी फसल नष्ट हो गई है। घटना के बाद पूर्व मुखिया रामजी राय और अकबरपुर मुखिया प्रतिनिधि राजेश सिंह ने सरकार से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत की पूरी फसल जल जाना बेहद दुखद है, ऐसे में प्रशासन को शीघ्र राहत पहुंचानी चाहिए। इस घटना ने एक बार फिर हार्वेस्टर मशीन के उपयोग के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button