विराट नगर में गुरुकुलम पब्लिक स्कूल का भव्य शुभारंभ, आधुनिक सुविधाओं के साथ 2026-27 सत्र का नामांकन शुरू


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के जेल पइन रोड (नया बाईपास) स्थित विराट नगर में बुनियादी विद्यालय के पीछे गुरुवार को गुरुकुलम पब्लिक स्कूल का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि संस्थापक सह पूर्व वार्ड पार्षद एवं फुटबॉल खिलाड़ी रामएकबाल सिंह उर्फ मंत्री जी रहे। उन्होंने फीता काटकर, दीप प्रज्वलित कर तथा माँ शारदे के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर विद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन के अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक, स्थानीय लोग एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद विद्यालय के निदेशक रमन कुमार एवं प्रबंधक आशीष कुमार ने बताया कि उद्घाटन के साथ ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले ही दिन लगभग एक दर्जन बच्चों का नामांकन हुआ, जो विद्यालय के प्रति अभिभावकों के भरोसे को दर्शाता है। विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि गुरुकुलम पब्लिक स्कूल में प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक की पढ़ाई कराई जाएगी। बच्चों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए स्कूल में आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्राचार्य अमित कुमार ने बताया कि छोटे बच्चों के लिए प्ले-वे मेथड के तहत पढ़ाई के साथ-साथ खेलने की विशेष व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा विद्यालय में स्मार्ट क्लासेज, कंप्यूटर शिक्षा के लिए सुसज्जित लैब, साफ-सुथरा परिसर और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराया गया है, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ संस्कारयुक्त वातावरण देना है, ताकि वे भविष्य में एक बेहतर नागरिक बन सकें। उद्घाटन समारोह के मौके पर बबन सिंह, अजय सिंह पूर्व मुखिया, गुरुदयाल सिंह पूर्व मुखिया, गोविन्द, आदित्य राज समेत स्थानीय गणमान्य लोग अभिभावक एवं क्षेत्र के शिक्षाविद मौजूद रहे। सभी ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।





