भव्य कलश यात्रा के साथ आरम्भ हुआ चार दिवसीय 108 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ
हजारो की संख्या में महिला पुरुष सदस्यों ने रामरेखा घाट पहुंच किया जलभरी, नगर भ्रमण कर कलश यात्रा पंहुचा आईटीआई मैदान




न्यूज़ विज़न। बक्सर
भव्य कलश यात्रा के साथ शहर के आईटीआई मैदान में चार दिवसीय 108 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। सुबह लगभग दस बजे आईटीआई मैदान से कलश यात्रा निकाली गई। जिसमे सैकड़ों की संख्या में पीले वस्त्र में सुसज्जित महिला-पुरूष श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा बैंड-बाजा और आकर्षक झांकियों के साथ निकाली गई। जो आईटीआई मैदान से निकल चरित्रवन, किला मैदान रोड होते हुए रामरेखा घाट पहुंची। कलश यात्रा में श्रद्धालु हम सुधरेंगे-युग सुधरेगा, नशा मुक्ति, नारी सशक्तिकरण से संबंधित स्लोगन लिखे हुए तख्ती के साथ चल रहे थे। हम सुधरेंगे-युग सुधरेगा और गायत्री माता के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा।








रामरेखा घाट पर जैसे ही कलश यात्रा पहुंची ऐसा लगा कि पूरा घाट पीले रंग से पट गया हो। घाट पर गायत्री शक्ति पीठ के ट्रस्टियों व विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरी करवाई। पूरा घाट गायत्री महामंत्र से गूंज उठा। वहां से कलश यात्रा निकलने के बाद पीपी रोड, ठठेरी बाजार मोड़, मुनीम चौक, मेन रोड, सत्यदेवगंज, वीर कुंवर सिंह चौक, स्टेशन रोड होते हुए यज्ञ स्थल आईटीआई मैदान में पहंुची। यज्ञ स्थल काफी आकर्षक रूप से सजाया गया था। वहां कलश यात्रा पहुंचने के बाद यज्ञ स्थल पर कलश को स्थापित किया गया। पूरा स्थल वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज रहा था।



कन्याओं की उतारी गई आरती:
कलश यात्रा पहुुंचने के बाद यज्ञ स्थल की पूजा की गई। उसके बाद कलश यात्रा में शामिल कन्याओं की आरती उतारी गई। वहीं संध्या साढ़े पांच बजे से रात्री साढ़े आठ बजे तक युग संगीत एवं प्रवचन, सर्व सुलभ गायत्री साधना एवं युग साहित्य से समस्या का समाधान बताया गया। मौके पर गायत्री शक्तिपीठ, बक्सर के मुख्य ट्रस्टी रामानंद तिवारी ने बताया कि बुधवार को प्रात: 4 बजे से सात बजे तक प्रातः: जागरण, ध्यान, जप एवं प्रज्ञा योग का आयोजन होगा। वहीं सुबह 8 बजे से 12 बजे दिन तक यज्ञ का ज्ञान विज्ञान, देव पूजन एवं गायत्री महायज्ञ का आयोजन होगा। मौके पर सिघनपुरा शक्ति पीठ के मुख्य ट्रस्टी रामाशंकर ओझा, तेजनारायण ओझा, अरुण कुमार राय, तेज नारायण ओझा, लवजी चौबे समेत काफी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु मौजूद थे।
वीडियो देखें :

