CRIME

कर्मनाशा की धार में बह गया 17 वर्षीय किशोर

चार घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, गांव में पसरा मातम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के बधार स्थित तेतरिया घाट पर कर्मनाशा नदी की तेज धार में एक 17 वर्षीय किशोर छोटू राम, पिता रामआशीष राम, बह गया। बताया जाता है कि वह दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी भैंस को चराने और धोने के लिए नदी के किनारे पहुंचा था।

 

जैसे ही छोटू नदी के पास भैंस को धोने लगा, अचानक तेज बहाव के चलते मिट्टी खिसक गई और वह असंतुलित होकर गहरे पानी में गिर गया। मौके पर मौजूद अन्य चरवाहों ने शोर मचाया, जिसके बाद घाट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।स्थानीय तैराकों द्वारा तुरंत खोजबीन शुरू की गई, लेकिन घटना के करीब चार घंटे बीत जाने के बाद भी किशोर का कोई पता नहीं चल सका है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य पूजा कुमारी मौके पर पहुंचीं और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। साथ ही एनडीआरएफ टीम को भी अलर्ट किया गया है। घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय मुखिया शमीम अंसारी ने प्रशासन से तुरंत और प्रभावी बचाव कार्य की मांग की है। वहीं दूसरी ओर, पूरे गांव में बेचैनी और मायूसी का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कर्मनाशा की इस दुर्घटना ने एक बार फिर नदी किनारे की सुरक्षा और जागरूकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button