गंगा के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन सतर्क, उमरपुर गांव और तटबंधों का डीएम-एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण




न्यूज़ विज़न। बक्सर
गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर बक्सर जिला प्रशासन ने कमान संभाल ली है। मंगलवार को जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बक्सर प्रखंड के उमरपुर गांव तथा आसपास के इलाकों में बक्सर-कोईलवर तटबंध का संयुक्त निरीक्षण किया। इस मौके पर अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश दिए गए ताकि संभावित बाढ़ से पहले ही जरूरी इंतजाम किए जा सकें।






तटबंधों की मरम्मत और निगरानी के लिए डीएम ने दिया निर्देश
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल बक्सर को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि तटबंधों में जहां कहीं कटाव की स्थिति है, वहां तत्काल मरम्मती कार्य और सैंड बैग की व्यवस्था कराई जाए। इसके साथ ही तटबंधों की नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे चौकीदारों के माध्यम से बांधों की निगरानी कराएं और किसी भी आपात स्थिति की तत्काल सूचना जिला प्रशासन को दी जाए। जिला पशुपालन पदाधिकारी को संभावित बाढ़ की स्थिति में पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडारण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी भ्रमणशील पशु चिकित्सकों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात रहने को कहा गया है, ताकि बीमार पशुओं का तुरंत इलाज किया जा सके।


आपदा प्रबंधन टीम को तैयारी के निर्देश
अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर अविनाश कुमार एवं आपदा शाखा के प्रभारी पदाधिकारी को लाइफ जैकेट, नाव आदि राहत संसाधनों को तैयार हालत में रखने का निर्देश दिया गया, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, जिला पशुपालन पदाधिकारी, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, अंचल अधिकारी प्रशांत शांडिल्य समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। बक्सर में संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

