OTHERS

गरीबों की छतों पर नि: शुल्क सोलर पैनल लगवाएगी बिहार सरकार

बिहार सरकार की कुटीर ज्योति योजना के तहत दिया जाएगा लाभ

न्यूज विजन। बक्सर
उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। सरकार 125 यूनिट बिजली फ्री देने के बाद अब गरीबों के घरों की छत पर निःशुल्क सोलर पैनल प्लांट लगवाएगी। बिहार सरकार द्वारा कुटीर ज्योति श्रेणी के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को 1.1 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर पैनल पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किया जाएगा, जिसे उपभोक्ताओं की सहमति के उपरांत उनके आवास की छत पर स्थापित किया जाएगा।
विद्युत आपूर्ति अंचल के विद्युत अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं वंचित परिवारों को घरेलू बिजली आवश्यकताओं में आत्मनिर्भर बनाना, उनके बिजली खर्च में कमी लाना तथा राज्य में स्वच्छ, हरित एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करना है। सोलर ऊर्जा के प्रयोग से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि उपभोक्ताओं को दीर्घकालिक, सुरक्षित एवं टिकाऊ ऊर्जा समाधान भी प्राप्त होगा।

 

योजना का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं को “सुविधा मोबाइल एप्लिकेशन” के माध्यम से अपनी सहमति देनी होगी। इसके लिए उपभोक्ता को अपने उपलब्ध मोबाइल नंबर से सुविधा मोबाइल एप पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। सुविधा मोबाइल एप्लिकेशन बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक समग्र वन-स्टेप डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। इसके माध्यम से नई बिजली कनेक्शन हेतु आवेदन, लोड वृद्धि, मोबाइल नंबर अथवा पते में संशोधन, बिजली बिल देखना एवं ऑनलाइन भुगतान, स्मार्ट प्रीपेड उपभोक्ताओं द्वारा सुरक्षा राशि वापसी हेतु आवेदन, रूफटॉप सोलर नेट मीटरिंग से संबंधित सेवाएं तथा उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा सकता है।

 

यह एप्लिकेशन एंड्रॉयड एवं एप्पल प्ले स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है। सहमति प्रदान करते समय आवेदक को किसी एक पता प्रमाण पत्र जैसे आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र आदि के साथ अपने घर के परिसर की फोटो अपलोड करनी होगी तथा पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना आवश्यक होगा। प्राप्त आवेदनों की विधिवत जांच–पड़ताल (स्क्रूटनी) के उपरांत संबंधित डिस्कॉम (DISCOM) द्वारा रूफटॉप सोलर पैनल की स्थापना हेतु निविदा (टेंडर) आवंटित की जाएगी। चयनित एजेंसी द्वारा पात्र उपभोक्ताओं के आवास पर सोलर पैनल की स्थापना पूर्णतः निःशुल्क सुनिश्चित की जाएगी।

 

विद्युत आपूर्ति अंचल के विद्युत अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार ने कहा कि यह योजना कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के लिए ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बिहार सरकार का एक सशक्त और दूरदर्शी कदम है, जिससे राज्य के गरीब एवं वंचित परिवारों को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि योजना की जानकारी अथवा सहायता के लिए अपने निकटतम विद्युत आपूर्ति प्रशाखा में संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button