फाउंडेशन स्कूल की छात्राओं ने कृषि विज्ञान केंद्र में सीखा आधुनिक कृषि का विज्ञान




न्यूज़ विज़न। बक्सर
फाउंडेशन स्कूल, बक्सर की कक्षा 8 वीं की छात्राओं ने बृहस्पतिवार को कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), बक्सर का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह कार्यक्रम विद्यालय के विज्ञान संकाय द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें विज्ञान शिक्षक आदित्य वर्धन, संध्या मैम एवं विद्यालय के प्राचार्य मनोज त्रिगुण ने मार्गदर्शन प्रदान किया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़ाकर आधुनिक एवं समेकित कृषि प्रणालियों से जोड़ना था। छात्राओं को दो समूहों में विभाजित कर विभिन्न कृषि तकनीकों और उपकरणों की प्रत्यक्ष जानकारी दी गई।






छात्राओं ने बीज प्रसंस्करण इकाई और बीज भंडारण गोदाम का अवलोकन किया, जहाँ उन्हें यह समझाया गया कि बीजों का गुणवत्तापूर्ण प्रसंस्करण, ग्रेडिंग, उपचार और संग्रहण कैसे किया जाता है ताकि किसान बेहतर उपज प्राप्त कर सकें। इसके अलावा, जलवायु सहनशील फसल प्रणाली (क्लाइमेट रेजिलिएंट क्रॉपिंग सिस्टम) के अंतर्गत यह बताया गया कि किस प्रकार बदलते मौसम की स्थितियों में टिकाऊ और उत्पादनक्षम कृषि प्रणाली अपनाई जा सकती है। समेकित कृषि प्रणाली के अंतर्गत छात्राओं ने ऐसे मॉडल देखे जहाँ मछली पालन, बागवानी, अनाज उत्पादन एवं पशुपालन को एकीकृत किया गया था। इससे उन्हें यह समझ आया कि यह प्रणाली पारंपरिक कृषि की तुलना में अधिक आयदायक और संसाधन-सक्षम होती है।


इसके अतिरिक्त, आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन भी भ्रमण का मुख्य आकर्षण रहा। छात्राओं को हैप्पी सीडर जैसे यंत्रों की जानकारी दी गई, जिससे बिना पराली जलाए बुवाई संभव है। इसके अलावा, निराई, जुताई, छिड़काव और सिंचाई से संबंधित यंत्रों की कार्यप्रणाली भी उन्हें दिखाई गई। छात्राओं ने फूलगोभी, पत्तागोभी और अन्य सब्जियों की नर्सरी का अवलोकन किया तथा पौधों के रोपण, रोग प्रबंधन एवं विकास की विधियों के बारे में जाना।
भ्रमण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख विशेषज्ञों ने छात्राओं को सरल और रोचक भाषा में तकनीकी जानकारी प्रदान की। इनमें प्रमुख रूप से वरिष्ठ वैज्ञानिक (प्लांट ब्रीडिंग) एवं प्रभारी प्रमुख श्री हरि गोविंद, वैज्ञानिक (प्लांट प्रोटेक्शन) डॉ. राम केवल, फार्म मैनेजर श्री आरिफ परवेज़, पर्सनल असिस्टेंट श्री रवि चटर्जी एवं उद्यान विशेषज्ञ श्रीमती किरण भारती शामिल रहे। इन सभी विशेषज्ञों की सहभागिता से छात्राओं में कृषि के प्रति रुचि, नवाचार की भावना तथा पर्यावरणीय चेतना विकसित हुई।
विद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज त्रिगुण ने कृषि विज्ञान केंद्र, बक्सर का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करते हैं और उन्हें भारतीय कृषि की नवीन संभावनाओं से जोड़ते हैं।

