फाउंडेशन स्कूल में दो दिवसीय वार्षिक खेल समारोह का हुआ भव्य शुभारम्भ


न्यूज़ विज़न। बक्सर
फाउंडेशन स्कूल गुरुदास मठिया बक्सर में शुक्रवार को उत्साह और भव्यता के साथ दो दिवसीय वार्षिक खेल समारोह 2025 का आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में एडीएम अरुण कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला थानाध्यक्ष सुनंदा उपस्थित रहीं। आयोजन दो दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव का प्रथम दिन था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मशाल दौड़ के साथ हुआ, जो शांति, एकता और खेल भावना का प्रतीक है। मशालधारी छात्र द्वारा प्रज्वलित लौ के साथ पूरे मैदान में दौड़ने का दृश्य अत्यंत प्रेरणादायक था। यह दृश्य उन प्राचीन परंपराओं से प्रेरित था, जहाँ पवित्र अग्नि को पवित्रता और देवत्व का प्रतीक माना जाता था।
इसके उपरांत, एनसीसी कैडेट्स और हाउस कंटिंजेंट्स ने अत्यंत अनुशासन, साहस और तालमेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए खेल समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया और विद्यार्थियों की जीवंत ऊर्जा एवं खेल भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की। दिनभर विभिन्न रोमांचक प्रतियोगिता आयोजित की गईं, जिनमें 100 मीटर दौड़, रिले रेस, गुब्बारा दौड़, मेंढक छलांग जैसी कई दिलचस्प प्रतियोगिताएँ शामिल थीं। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साह और जोश से भाग लेकर कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।
यह फाउंडेशन स्कूल का 14वाँ वार्षिक आयोजन था। यद्यपि समाज में प्रायः खेलों को अध्ययन के मुकाबले कम महत्व दिया जाता है, फिर भी विद्यालय ने यह जिम्मेदारी स्वयं ली है कि विद्यार्थियों में कड़ी मेहनत, सामूहिकता, दृढ़ता, विपरीत परिस्थितियों में साहस और कभी हार न मानने की भावना को विकसित किया जाए। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। अभिभावकों ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए विद्यालय के इस आयोजन को अत्यंत प्रेरक बताया। विजेताओं को पदक और ट्रॉफियाँ प्रदान की गईं, और वातावरण खुशी और उत्साह से भर गया। मंच संचालन करने वाले एंकर, सहयोगी कर्मचारी और अध्यापकगण ने अपने-अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करते हुए सच्चे टीमवर्क की मिसाल प्रस्तुत की, जिससे यह आयोजन अत्यंत सफल बना।

फाउंडेशन स्कूल सदैव शैक्षणिक तथा सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में मानक स्थापित करने का प्रयास करता रहा है। हमारे जीवन में खेलों का महत्व अतुलनीय है — ये न केवल शारीरिक स्फूर्ति देते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संतुलन का भी संचार करते हैं। कार्यक्रम का समापन वोट ऑफ थैंक्स के साथ हुआ, जिसमें सभी के अथक परिश्रम और योगदान की सराहना की गई। इस प्रकार वार्षिक खेल समारोह 2025 का प्रथम दिवस उल्लास, एकता और सफलता की नई मिसाल के साथ संपन्न हुआ।
वीडियो देखें :





