फाउंडेशन स्कूल में तीन दिवसीय फ्लाइट सिमुलेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य आयोजन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के इटाढ़ी रोड गुरुदास मठिया लालगंज स्थित फाउंडेशन स्कूल में Flying Scholar Company के सहयोग से एविएशन अवेयरनेस प्रोग्राम के अंतर्गत तीन दिवसीय फ्लाइट सिमुलेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अभिनव कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उड्डयन क्षेत्र के प्रति जागरूक करना, उनमें वैज्ञानिक सोच का विकास करना तथा प्रारंभिक अवस्था में ही उन्हें पायलट प्रशिक्षण का वास्तविक अनुभव प्रदान करना है।
विद्यालय एवं कंपनी का संयुक्त लक्ष्य है कि इस विशेष पहल के माध्यम से लगभग 500 विद्यार्थियों को अनुभवी एवं लाइसेंस प्राप्त पायलटों की उपस्थिति में फ्लाइट सिमुलेटर पर विमान उड़ाने का अनुभव कराया जाए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक विमानन तकनीक, कॉकपिट के उपकरणों, नेविगेशन सिस्टम, रनवे की प्रक्रिया, टेक-ऑफ एवं लैंडिंग की तकनीक, मौसम की परिस्थितियों के प्रभाव तथा सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।फ्लाइट सिमुलेटर के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह अनुभव किया कि किस प्रकार पायलट हवा में संतुलन बनाए रखते हैं, दिशा नियंत्रित करते हैं तथा आपातकालीन परिस्थितियों में निर्णय लेते हैं। इस प्रशिक्षण ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके भीतर अनुशासन, एकाग्रता एवं त्वरित निर्णय क्षमता का भी विकास किया।
कार्यक्रम के दौरान पायलटों द्वारा यह भी बताया गया कि पायलट बनने के लिए मुख्यतः तीन प्रकार की ट्रेनिंग आवश्यक होती है।विद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज कुमार त्रिगुण ने अपने संबोधन में कहा कि “आज का युग तकनीक और नवाचार का युग है। यदि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था में ही सही दिशा और अवसर मिल जाए तो वे अपने सपनों को नई उड़ान दे सकते हैं। यह कार्यक्रम केवल विमान उड़ाने का अनुभव नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देने का माध्यम है।उन्होंने आगे कहा कि 12 से 18 वर्ष की आयु में इस प्रकार के अनुभव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, करियर मार्गदर्शन एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे नवाचारी एवं व्यावहारिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों को कक्षा शिक्षण के साथ-साथ वास्तविक जीवन का अनुभव भी प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में अत्यधिक उत्साह देखने को मिला। अनेक विद्यार्थियों ने पायलट बनने एवं एविएशन क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा व्यक्त की। अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। फाउंडेशन स्कूल का सदैव प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी अनुभव भी प्रदान किया जाए, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। यह फ्लाइट सिमुलेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम इसी दिशा में एक सी और प्रेरणादायक पहल है।
वीडियो देखें :





