चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की हुई पूजा, मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
शंख ध्वनि, मंत्रोच्चार और मां जगदंबा के जयघोष से गूंज उठा मंदिर का परिसर


न्यूज विजन। बक्सर
चैत्र नवरात्र प्रारंभ होते ही शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। गुरुवार को अहले सुबह से ही शहर के गंगा घाटों पर स्नान और कलशा भरने के लिए लोग पहुंचने लगे। मंदिर से लेकर घरों में कलश स्थापित कर मां की अराधना शुरू हो गई। नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की गई। मंदिर से लेकर घरों में मां के पाठ शुरू हो गये। शहर के चौक चौराहों से लेकर मंदिर के आस पास प्रसाद, चुनरी और फुल की दुकानें लग गई थी।
मंदिर का परिसर श्रद्धालुओं से पट गया था। माता रानी के जयघोष से मंदिर गूंज रहा था। बाइपास रोड स्थित काली मां का मंदिर, मेन रोड तुरहा टोली स्थित दुर्गा मंदिर, सिविल लाइन स्थित हनुमान मंदिर, रामरेखा घाट स्थित मंदिर, कोइरपुरवा स्थित काली मंदिर में सुबह से शाम तक पूजा अर्चना और माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। महिलाओं ने पूजा अर्चना करने के साथ ही प्रसाद चढ़ाएं।
उत्तर प्रदेश के उजियार स्थित मां मंगला भवानी मंदिर और गहमर के मां कामाख्या मंदिर में भी यहां के श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा अर्चना की। सुबह से ही लोग स्टीमर और नाव से मंगला भवानी के दर्शन करने जा रहे थे। वहीं निजी वाहन और सवारी गाड़ी से यूपी के गहमर स्थित मां कामाख्या मंदिर जाने का सिलसिला दिनभर जारी रहा।





