ACCIDENT

पटना में जिले के चर्चित अपराधी चंदन मिश्रा को अपराधियों ने मारी गोली, इलाके में दहशत

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
शहर के चर्चित भोजपुर चुना भंडार के प्रोपराइटर राजेंद्र केशरी, जेलर समेत लगभग आधा दर्जन हत्या और कई सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देने वाले खूंखार अपराधी चंदन मिश्रा को पटना में अज्ञात हमलावरों ने गोली से छलनी कर दिया। बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग में गंभीर रूप से घायल चंदन मिश्रा को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उसे करीब पांच गोलियां लगी हैं। यह चर्चा फैल गई कि उसकी मौत हो चुकी है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की खबर फैलते ही बक्सर और पटना पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है।

 

जेल से पैरोल पर बाहर आया था चंदन मिश्रा

मिली जानकारी के मुताबिक, औद्योगिक थाना क्षेत्र के बड़कागांव निवासी चंदन मिश्रा पर कई हत्या और रंगदारी के मामले दर्ज हैं। लंबे समय से वह जेल में बंद था। चंदन मिश्रा कुछ दिनों पहले ही पैरोल पर बाहर निकला था और उसे प्रशासन की ओर से बक्सर और पटना में रहने की अनुमति दी गई थी। शर्त के तहत उसे रोजाना नजदीकी थाना में हाजिरी भी देनी थी। वह अपने पिता का ऑपरेशन कराने पटना पहुंचा था। इसी दौरान हथियारबंद हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और चंदन मिश्रा को निशाना बनाते हुए करीब आधा दर्जन गोलियां चला दीं। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।

 

बक्सर में मचा चुका है आतंक

गौरतलब है कि चंदन मिश्रा का नाम बक्सर में कई आपराधिक वारदातों से जुड़ा रहा है। उसकी और शेरु सिंह की जोड़ी ने एक समय बक्सर में दहशत फैला रखी थी। व्यवसायियों से रंगदारी, हत्या और खुलेआम गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम देकर दोनों ने अपराध की दुनिया में अपनी पहचान बनाई थी। घटना की सूचना मिलते ही पटना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। उधर, बक्सर के औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि उन्हें गुरुवार सुबह चंदन मिश्रा को गोली लगने की जानकारी मिली है। फिलहाल पटना पुलिस से संपर्क कर विस्तृत जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि बक्सर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस को सतर्क कर दिया गया है।

चर्चा : गैंगवार या पुरानी दुश्मनी?

घटना को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे पटना-बक्सर गैंगवार का हिस्सा बता रहे हैं तो कुछ पुरानी रंजिश का नतीजा मान रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पटना और बक्सर में इस घटना से दहशत का माहौल है। व्यवसायियों और आम लोगों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button