फर्जी प्रमाणपत्र पर शिक्षक बने आरोपी 8 साल बाद गिरफ्तार




न्यूज़ विज़न। बक्सर
ब्रह्मपुर थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे फर्जीवाड़ा के आरोपी हरे कृष्ण यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बक्सर कलक्ट्रेट परिसर के पास से पकड़ा गया। यह वही हरे कृष्ण यादव है, जो वर्ष 2017 से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।









मामला वर्ष 2017 का है, जब ब्रह्मपुर के तत्कालीन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की जांच कराई थी। जांच में पाया गया कि हरे कृष्ण यादव ने फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर कन्या मध्य विद्यालय, ब्रह्मपुर में प्रखंड शिक्षक की नौकरी प्राप्त की थी। मामले का खुलासा होते ही ब्रह्मपुर थाना कांड संख्या 83/2017 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दोषी पाए जाने पर विभाग ने उसे तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया था। पिछले आठ वर्षों से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बक्सर कलक्ट्रेट के पास से हरे कृष्ण यादव को गिरफ्तार कर लिया।






पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सिमरी प्रखंड के तिलक राय के डेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तवकल राय के डेरा निवासी हरे कृष्ण यादव (पिता – मनधीर यादव) के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसे जेल भेज दिया जाएगा। इस गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फरार आरोपियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी कानून से भागने नहीं दिया जाएगा।

