फगुआ उत्सव में विभिन्न राज्यों के 45 कलाकारों के दलों ने दी मनमोहक प्रस्तुति




न्यूज़ विज़न। बक्सर
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला में 2 दिवसीय फगुआ उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे 11 मार्च को बी.एन. उच्च विद्यालय ब्रह्मपुर में ब्रह्मपुर महोत्सव के साथ-साथ दो दिवसीय फगुआ उत्सव की शुरुआत हुई। इसी क्रम में दूसरे दिन 12 मार्च को नगर भवन बक्सर में फगुआ उत्सव का आयोजन किया गया।








नगर भवन में आयोजित फगुआ उत्सव को सम्बोधित करते हुए डीएम अंशुल अग्रवाल ने कहा कि फगुआ उत्सव होली पर्व के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। भारत में होली पर्व विशेष रूप से उत्तर भारत के राज्य बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और मध्य प्रदेश में मनाया जाता है। यह पर्व यह बसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक होता है। इस उत्सव का धार्मिक महत्व भी है, क्योंकि इसे भगवान कृष्ण और राधा की लीला से भी जोड़ा जाता है। साथ ही यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक भी माना जाता है। इस उत्सव में विभिन्न राज्यों के कुल 45 कलाकारों के दल द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गयी।
डीएम द्वारा आगामी मार्च महीने में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के बारे में बताया गया। कि 17 मार्च को जिला स्थापना दिवस एवं विश्वामित्र महोत्सव मनाया जाएगा। 21 मार्च को डुमरांव राज उच्च विद्यालय में उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव एवं 22 मार्च को पूरे जिले में बिहार दिवस का आयोजन किया जाएगा



फगुआ उत्सव के दौरान दीपक एवं दल, हरियाणा के द्वारा लोक नृत्य-फाग, घूमर एवं पनिहारी पर प्रस्तुति दी गई। डॉ० रवीन्द्र कुमार एवं दल औरंगाबाद, बिहार के द्वारा होली गायन, झिझिया पर प्रस्तुति दी गई। सुश्री खुशबू पारीक एवं दल, राजस्थान के द्वारा चारकुला, ब्रज, लोक नृत्य-मयूर व फूलों की होली पर प्रस्तुति दी गई। स्थानीय कलाकारों द्वारा जट जटिन पर प्रस्तुति दी गई। जिलाधिकारी द्वारा सभी बक्सर जिलेवासियों से विभिन्न कार्यक्रमों एवं महोत्सव में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने हेतु धन्यवाद देते हुए आगे के कार्यक्रम में शामिल होने का अपील भी किये।

