OTHERS

सिमरी में पूर्व सैनिकों की हुयी बैठक, सर्वसम्मति से नायक शशि भूषण ओझा बने प्रखंड अध्यक्ष

बैठक में संगठन विस्तार, नए पदाधिकारियों का चयन और सैनिक कार्यालय का उद्घाटन; एकता और उत्साह से गूंजा पूरा माहौल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रविवार को सिमरी प्रखंड के बड़का सिझनपुरा स्थित नायक शशि भूषण ओझा के मैरेज हॉल में पूर्व सैनिकों का भव्य जमावड़ा देखने को मिला। इस महत्वपूर्ण बैठक का मुख्य उद्देश्य सिमरी प्रखंड संगठन का विस्तार करना और नए प्रखंड अध्यक्ष का चयन करना था। बैठक की अध्यक्षता नायक शशि भूषण ओझा ने की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिमरी थाना प्रभारी ज्योति कुमारी एवं आईईएसएम बक्सर के जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इस दौरान सिमरी सैनिक कार्यालय का विधिवत उद्घाटन भी किया गया, जो क्षेत्र के पूर्व सैनिकों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। चुनाव प्रक्रिया से पूर्व प्रखंड अध्यक्ष नायब सूबेदार त्रिवेणी दुबे ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत कारणों से कार्यभार संभालने में असमर्थता जताई। उन्होंने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी नायक शशि भूषण ओझा को सौंपने का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। इस अवसर पर डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार कमलेश्वर राय और चक्की प्रखंड अध्यक्ष कैप्टन श्री भगवान सिंह अपनी टीम के साथ साक्षी के रूप में मौजूद रहे।

 

सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारी:
नायक शशि भूषण ओझा – अध्यक्ष
नायब सूबेदार त्रिवेणी दुबे – सभापति
सार्जेंट विनोद कुमार तिवारी – डायरेक्टर
हवलदार बृजनाथ सिंह यादव – उपाध्यक्ष
हवलदार संजय सिंह – उपाध्यक्ष
सूबेदार रामेश्वर प्रसाद – सचिव
हवलदार महेन्द्र कुमार – कोषाध्यक्ष
हवलदार वशिष्ठ मुनि राय – मीडिया प्रभारी

कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। थाना प्रभारी ज्योति कुमारी ने पूर्व सैनिकों की एकता, अनुशासन और उत्साह की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा उपस्थित सैनिकों की समस्याओं से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। बैठक में पीसीडीए के प्रधान नियंत्रक कमलदीप सिंह, अधिकारी मनोज सिंह एवं अन्य अधिकारियों के कार्यों की सराहना की गई। उनके समर्थन में लगाए गए जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम के अंत में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “आईईएसएम बक्सर जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। अंततः राष्ट्रगान के साथ सभापति द्वारा बैठक के समापन की घोषणा की गई।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button