OTHERS

‘हर घर तिरंगा’ से गूंजा सिमरी, 30 बिहार बटालियन NCC ने निकाली भव्य तिरंगा रैली

कर्नल हेमंत कुमार बेलवाल के नेतृत्व में निकली रैली, ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘हर घर तिरंगा’ के नारों से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा पूरा इलाका

न्यूज़ विज़न। बक्सर/सिमरी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को 30 बिहार बटालियन एनसीसी, बक्सर के तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व एवं अध्यक्षता बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल हेमंत कुमार बेलवाल ने किया।

 

रैली की शुरुआत सिमरी ब्लॉक परिसर से हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे एनसीसी कैडेट्स अनुशासित कदमों के साथ आगे बढ़े। रैली के दौरान कैडेट्स ने पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारे लगाए। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’, ‘हर घर तिरंगा’ और ‘घर-घर तिरंगा’ के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। रैली सिमरी ब्लॉक से प्रारंभ होकर डीएसएसएसबी कॉलेज की ओर आगे बढ़ी। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स का अनुशासित मार्च और हाथों में लहराता तिरंगा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। रास्ते में स्थानीय लोगों ने भी उत्साह के साथ रैली का स्वागत किया और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रकट किया।

 

कार्यक्रम में डीएसएसएसबी कॉलेज एवं सिमरी हाई स्कूल के एएनओ, पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ तथा एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता और स्वाभिमान का प्रतीक : कर्नल बेलवाल

रैली के समापन अवसर पर कमान अधिकारी कर्नल हेमंत कुमार बेलवाल ने एनसीसी कैडेट्स एवं उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने तिरंगे के ऐतिहासिक महत्व और उसके सम्मान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना पैदा करना है। उन्होंने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे स्वयं तिरंगे का सम्मान करने के साथ-साथ अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज के अन्य नागरिकों को भी राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के प्रति जागरूक करें।

एनसीसी कैडेट्स ने दिया राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश

‘हर घर तिरंगा’ रैली के माध्यम से 30 बिहार बटालियन एनसीसी ने लोगों को देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया। रैली में शामिल कैडेट्स का जोश और अनुशासन देखते ही बन रहा था। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते कैडेट्स ने स्वतंत्रता दिवस के पूर्व पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना दिया। कार्यक्रम में 30 बिहार बटालियन एनसीसी से जुड़े पीआई स्टाफ, एएनओ, सिविल स्टाफ एवं बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे। रैली का समापन राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button