नगर परिषद की लापरवाही से बाजार समिति रोड बना कूड़ा घर, स्कूल और दफ्तर के सामने कूड़ा डम्पिंग से लोग परेशान
छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और राहगीरों को उठानी पड़ रही दुर्गंध की मार, स्थानीय लोगों ने जताया आक्रोश—बीमारी फैलने का बढ़ा खतरा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। ताजा मामला शहर के बाजार समिति रोड का है, जहां सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय और नेहरू स्मारक स्कूल के सामने ही नगर परिषद द्वारा खुलेआम कूड़ा डंप किया जा रहा है।
सड़क किनारे कूड़े का अंबार लगने से न केवल वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि वहां से गुजरने वाले छात्र-छात्राओं, सरकारी कर्मियों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गंध इतनी तेज है कि लोगों को नाक ढंककर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी रवि रंजन ने नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि “हमलोगों का घर यहीं आसपास है। पिछले कई महीनों से लगातार ठेला से कूड़ा लाकर यहां गिराया जा रहा है। आज तो ट्रैक्टर से भी कूड़ा डंप किया गया, जिससे हालात और बदतर हो गए हैं।”
वहीं इस मामले पर नगर परिषद के उप चेयरमैन प्रतिनिधि सुनील मिश्रा ने भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “नगर परिषद में लाखों की लूट हो रही है और शहर को स्वच्छ बनाने के बजाय गंदगी फैलायी जा रही है।” स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो यहां के निवासियों में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ सकता है। इस संबंध में बताया गया कि नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) से बातचीत कर जल्द ही इस समस्या का समाधान कराने की कोशिश की जाएगी।
वीडियो देखें :





