डीएम ने किया राजस्व महा अभियान उन्मुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ
16 अगस्त से 20 सितंबर तक चलेगा विशेष अभियान, डिजिटाइज्ड जमाबंदी में होगी त्रुटि सुधार और नामांतरण की प्रक्रिया




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में राजस्व महा अभियान की औपचारिक शुरुआत सोमवार को जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह एवं अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। यह उन्मुखीकरण कार्यक्रम जिले के सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अभियान की प्रक्रिया एवं उद्देश्यों से अवगत कराने के लिए आयोजित किया गया।









कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर अविनाश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव राकेश कुमार एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता बक्सर/डुमरांव उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंच से सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जनता को जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस विशेष अभियान का लाभ उठा सकें। जिला परिषद अध्यक्ष सरोजा देवी भी कार्यक्रम में मंचासीन रहीं। उपस्थित जनप्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा यह विशेष अभियान 16 अगस्त 2025 से 20 सितंबर 2025 तक चलाया जाएगा। जिसका मुख्य उद्देश्य डिजिटाइज्ड (ऑनलाइन) जमाबंदी में त्रुटियों का सुधार (परिमार्जन), उत्तराधिकार नामांतरण, बंटवारा नामांतरण, छूटी हुई जमाबंदियों को ऑनलाइन दर्ज करना है।






अभियान के तहत अंचल स्तर पर मौजावार कर्मी घर-घर जाकर रैयतों को जमाबंदी पंजी की प्रति, आवेदन पत्र एवं पैम्फलेट उपलब्ध कराएंगे। इसके बाद माइक्रो प्लान के अनुसार विभिन्न स्थानों पर शिविरों का आयोजन होगा, जहां रैयतों से आवश्यक आवेदन लिए जाएंगे। इन शिविरों की तिथि संबंधित अंचल अधिकारी द्वारा पहले ही निर्धारित कर दी गई है, जिससे लोगों को समय रहते तैयारी का अवसर मिल सके। कार्यक्रम में जिले के सभी जनप्रतिनिधि, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर/डुमरांव, भूमि सुधार उप समाहर्ता बक्सर/डुमरांव, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद थे। जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई कि इस अभियान से भूमि रिकॉर्ड में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम नागरिकों को अपने अधिकारों एवं संपत्ति से जुड़े दस्तावेज़ सही एवं अद्यतन रूप में उपलब्ध हो सकेंगे।

