अग्नि सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन का विशेष अभियान शुरू, डीएम साहिला ने नुक्कड़ नाटक टीम को दिखाई हरी झंडी
गांव-गांव पहुंचेगा जनजागरूकता रथ, पर्व-त्योहार और खेतों में आग से बचाव के उपायों की दी जाएगी जानकारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष जनजागरूकता अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के तहत जिलेवासियों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आग से बचाव और उससे निपटने के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा। डीएम साहिला ने होमगार्ड सह जिला अग्निशमन कार्यालय परिसर से नुक्कड़ नाटक टीम एवं जन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान मोनालिसा प्रशिक्षण एवं कल्याण संस्थान की ओर से जिले के विभिन्न गांवों में चलाया जाएगा।
डीएम साहिला ने कहा कि नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को यह बताया जाएगा कि आग लगने की स्थिति में किस प्रकार तत्काल काबू पाया जाए और किन सावधानियों को अपनाकर आगजनी की घटनाओं को रोका जा सकता है। विशेष रूप से आगामी पर्व-त्योहारों तथा खेतों में पराली से लगने वाली आग को ध्यान में रखते हुए अग्नि सुरक्षा उपायों और अग्निशमन यंत्रों के सही प्रयोग की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। श्रद्धालुओं और आयोजकों को संदेश दिया गया है कि सतर्कता और सावधानी बरतकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले का हर नागरिक आग लगने की स्थिति में सही कदम उठाने की जानकारी रखे और सुरक्षित रहे।
डीएम ने कलाकारों से आह्वान किया कि वे अपनी कला के माध्यम से आमजन को प्रभावी ढंग से जागरूक करें। इस अवसर पर जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव, सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह, अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी तथा मोनालिसा प्रशिक्षण संस्थान के सचिव विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





