OTHERS

जिले में इंटर कॉमर्स में भी छात्राओं का दबदबा, टॉप-3 पर बेटियों का कब्जा

स्नेहा कुमारी बनीं जिला टॉपर, रिमझिम और प्रियानी ने भी लहराया परचम — सफल छात्रों के घरों में जश्न का माहौल

न्यूज़ विज़न। बक्सर 
सोमवार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटरमीडिएट (साइंस, आर्ट्स एवं कॉमर्स) का परिणाम जारी होते ही बक्सर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। इस वर्ष खासकर कॉमर्स संकाय में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-3 स्थानों पर कब्जा जमाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

 

परिणाम घोषित होते ही सफल छात्र-छात्राओं के घरों में जश्न का माहौल बन गया। परिजनों और आसपास के लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया और बच्चों को बधाइयां दीं। बिहार बोर्ड द्वारा जारी सूची के अनुसार, राज हाई स्कूल की स्नेहा कुमारी ने 461 अंक प्राप्त कर कॉमर्स संकाय में जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। स्नेहा के पिता संतोष कुमार केशरी एवं माता मनीषा देवी हैं। वहीं, रिमझिम कुमारी (राज हाई स्कूल) ने 454 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उनके पिता गिरधारी सिंह एवं माता रिंकी कुमारी हैं। इसके साथ ही प्रियानी कुमारी (एमपी हाई स्कूल) ने 446 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। उनके पिता प्रियेश सिंह एवं माता पूजा देवी हैं।

 

अन्य सफल छात्रों में अंजलि कुमारी (सिन्हा कॉमर्स क्लासेज) ने 426 अंक, सुगरा खातून ने 398 अंक, पलक वर्मा ने 395 अंक और शिखा कुमारी ने 371 अंक प्राप्त कर अच्छा प्रदर्शन किया। सिन्हा कॉमर्स क्लासेज के शिक्षक वरुण सिन्हा ने बताया कि सभी छात्राएं काफी मेहनती हैं और उन्होंने कड़ी मेहनत एवं अनुशासन के साथ यह सफलता हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये छात्राएं आगे भी बेहतर प्रदर्शन करेंगी।

छात्राओं के इस शानदार प्रदर्शन से शिक्षकों में गर्व की भावना है, वहीं अभिभावक भी बेहद खुश नजर आ रहे हैं। कई जगहों पर मिठाई खिलाकर और बांटकर इस सफलता का जश्न मनाया जा रहा है। इस वर्ष के परिणाम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। बक्सर की छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन गई हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button