जिला महासंघ गोप गुट बक्सर का 26 अगस्त को विशाल प्रदर्शन, हड़ताल को सफल बनाने की अपील



न्यूज़ विज़न। बक्सर
अनुसचिवीय कर्मचारी संघ गोप गुट बक्सर की ओर से 9 अगस्त से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल को सफल बनाने की दिशा में आंदोलन की धार और तेज हो गई है। इसी क्रम में जिला महासंघ गोप गुट बक्सर ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर एक विशाल प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया है।








यह प्रदर्शन पहले 27 अगस्त को प्रस्तावित था, लेकिन अब कार्यक्रम को एक दिन पहले कर दिया गया है। अब यह विशाल प्रदर्शन 26 अगस्त (सोमवार) को ही आयोजित किया जाएगा। महासंघ के जिला सचिव महेंद्र प्रसाद ने बताया कि यह आंदोलन पुरानी पेंशन योजना को लागू करने एवं लिपिकों की जायज मांगों के समर्थन में किया जा रहा है। उन्होंने संबद्ध संगठनों, कर्मचारी साथियों और हड़ताली लिपिकों से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर हड़ताल को ऐतिहासिक सफलता दिलाएं। महेंद्र प्रसाद ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली कर्मचारी हित में अत्यंत आवश्यक है और सरकार जब तक इस पर ठोस पहल नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।




गौरतलब है कि 9 अगस्त से जिले के लिपिक लगातार हड़ताल पर हैं, जिसके कारण कई शासकीय कार्य प्रभावित हुए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील होना चाहिए, अन्यथा वे आंदोलन को और व्यापक करेंगे। अब 26 अगस्त को होने वाला यह जिला स्तरीय विशाल प्रदर्शन आंदोलन की दिशा और स्वरूप को तय करने वाला साबित हो सकता है।

