जिला क्रिकेट लीग का मंच तैयार, 7 से 12 फरवरी तक क्लबों का होगा पंजीकरण
बक्सर जिला क्रिकेट संघ की बैठक में लिए गए कई अहम निर्णय


न्यूज विजन। बक्सर
बक्सर जिला क्रिकेट संघ की वार्षिक आम सभा शनिवार को कोइरपुरवा स्थिति एक निजी भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ की अध्यक्ष वर्षा पांडेय ने की। मौके पर जिले में क्रिकेट गतिविधियों को पुनः संगठित करने, प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे लाने को लेकर अहम निर्णय लिए गए। नए सत्र 2025–26 के लिए संघ से संबद्ध सभी क्लबों को पुनः पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।इसके साथ ही नए इच्छुक क्लबों को भी निर्धारित समय-सीमा में पंजीकरण का अवसर दिया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के लिए 7 से 12 फरवरी की तिथि निर्धारित की गई है। नए सत्र के लिए क्लब पंजीकरण फॉर्म संघ के सचिव के आवासीय कार्यालय रामबाग, पी.पी. रोड, बक्सर से प्राप्त कर सकते हैं।
7 से 10 फरवरी 2026 तक दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक प्राप्त किए जा सकते हैं। तत्पश्चात क्लबों द्वारा पंजीकरण फॉर्म पूर्ण रूप से भरकर 12 फरवरी 2026 तक संघ कार्यालय में जमा किया जाएगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त फॉर्म मान्य नहीं होंगे। बैठक में यह भी तय किया गया कि क्लब रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद फरवरी 2026 के दूसरे पखवाड़े से जिले में विभिन्न आयु वर्गों में जिला स्तरीय लीग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। लीग प्रतियोगिता अंडर-16, अंडर -19, अंडर -23 एवं सीनियर डिवीजन होगी। लीग के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह प्रदर्शन और प्रतिभा के आधार पर किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों की सूची बिहार क्रिकेट एसोसिएशन को भेजी जाएगी।
संघ की अध्यक्ष वर्षा पांडेय ने कहा कि हमारा लक्ष्य जिले के प्रत्येक क्रिकेट खिलाड़ी को पारदर्शी व्यवस्था, समान अवसर और केवल प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना है। वहीं संघ के सचिव आनंद कुमार सिंह ने सभी क्लबों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों से संघ के कार्यों में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से बक्सर का क्रिकेट राज्य स्तर पर नई पहचान बनाएगा।
बैठक में संघ के उपाध्यक्ष विकाश रंजन ओझा, कोषाध्यक्ष अक्षय सिंह सहित संघ से संबद्ध क्लबों के प्रतिनिधि के अलावा विनय कुमार सिंह, राजकुमार सिंह, दीपक अग्रवाल, सौरभ तिवारी, लक्ष्मण प्रसाद, दुर्गेश कुमार, सुमित यादव, शुभम कुमार सिंह, राजीव नयन चौबे, अखिलेश उपाध्याय, आदित्य उपाध्याय मौजूद थे।





