CRIME

धनसोई में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्विफ्ट कार से फायरिंग करते दो अपराधी गिरफ्तार, एक फरार

लोडेड 9MM पिस्टल और चार खोखे बरामद, DSP ने खुद संभाली जांच; फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी तेज

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसौंधा गांव के पास शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फायरिंग कर रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से एक लोडेड 9 एमएम पिस्टल और चार खाली खोखे बरामद किए हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनसोई पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार में सवार कुछ अपराधी इलाके में फायरिंग करते हुए गुजर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही कार सवार अपराधी घबरा गए और गाड़ी किनारे छोड़कर भागने लगे। हालांकि पुलिस ने तत्परता और मुस्तैदी दिखाते हुए दो अपराधियों को दौड़ाकर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिसौंधा टोला निवासी श्याम कुमार उर्फ लड्डू यादव (पिता बीरेंद्र यादव) और गोलू कुमार (पिता अर्जुन सिंह) के रूप में हुई है। उनका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

 

पुलिस द्वारा स्विफ्ट कार की तलाशी लेने पर उसमें से एक लोडेड 9 एमएम पिस्टल बरामद किया गया। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास तलाशी के दौरान चार खाली खोखे भी मिले, जिससे स्पष्ट होता है कि अपराधियों द्वारा फायरिंग की गई थी। घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी गौरव कुमार पांडेय स्वयं धनसोई थाना पहुंचे और पूरे मामले की गहन जांच की। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई के बाद राहत का माहौल है, वहीं पुलिस ने आम लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button