देसी कट्टा संग दो युवक गिरफ्तार, मचा हड़कंप
राजपुर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक छोड़ भाग रहे युवकों को दौड़कर दबोचा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार सक्रिय राजपुर थाना पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रोहनीभान गांव के समीप पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को एक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि बुधवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक हथियार लेकर इलाके से गुजरने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत रोहनीभान गांव के बाहर जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखे। पुलिस की जांच देखकर दोनों युवक घबरा गए और बाइक छोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। साथ ही जिस बाइक से वे आ रहे थे, उसे भी जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव निवासी अनिल राय के पुत्र सत्यम राय और नित्यानंद शर्मा के पुत्र राजाबाबू शर्मा के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान युवकों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने हथियार किसी बड़ी वारदात के लिए नहीं, बल्कि लोगों को डराने-धमकाने और शादी-विवाह जैसे कार्यक्रमों में हथियार लहराकर अपनी धाक जमाने के लिए रखा था। हालांकि पुलिस ने इस बयान को गंभीरता से लेते हुए दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की। इस पूरी कार्रवाई में राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार, डीआईयू के चंदन कुमार, सुभाष कुमार समेत अन्य पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों में खौफ देखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि जिले में अवैध हथियार और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।





