उप चेयरमैन प्रतिनिधि ने वार्ड संख्या 31 से डंप कचरे के उठाव को लेकर 24 घंटे का दिया अल्टीमेटम
उप चेयरमैन प्रतिनिधि सुनील मिश्रा ने वार्ड संख्या 31 में किया औचक निरीक्षण


न्यूज विजन। बक्सर
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या में अचानक पहुंचे उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सुनील मिश्रा शहर के बीच कचरा डंप किए जाने पर भड़क गए। उन्होंने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की परेशानी और व्यथा को सुनी। लोगों ने कहा कि पार्क के पास खाली जगह में जो कचरा का ढेर दिख रहा है यह नगर परिषद की कारदानी है। तीन वार्ड का कचरा यहां पर नगर परिषद के कर्मी ही डंप करते हैं। डंपिंग ग्राउंड के बावजूद यहां कचरा रखना कितनी बड़ी लापरवाही है, इसे समझ सकते हैं।
राजू पांडेय ने कहा कि नाक पर रूमाल रखकर लोग आते जाने को विवश हो गये हैं। यही स्थिति रही तो वार्ड में बीमारी फैलने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। लोगों की बात सुनकर उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मिश्रा ने तत्काल ईओ से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि चौबीस घंटे के अंदर यहां से कचरा हटाने का काम नहीं शुरू हुआ तो वार्ड संख्या 31 की जनता के साथ मेन रोड को जाम कर बड़ा आंदोलन खड़ा करेंगे।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों की घोर लापरवाही के कारण शहर का अधिकांश इलाका गंदगी से बजबजा रहा है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि हर हाल में यहां से कचरा का उठाव किया जाएगा।





