OTHERS

दिल्ली विश्वविद्यालय में गूंजा ‘बिहार गौरव महोत्सव 2.0’, सांस्कृतिक रंग में रंगी राजधानी—बक्सर के छात्रों ने दिखाया दम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित शंकर लाल सभागार में 8 अप्रैल 2026 को ‘बिहार गौरव महोत्सव 2.0’ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। बिहार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव के दूसरे संस्करण ने राजधानी में बिहार की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्रतिभा की झलक पेश की।

 

इस गरिमामयी आयोजन का नेतृत्व दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययनरत बक्सर के प्रवासी छात्रों ने किया, जिन्होंने अपनी मेहनत और समर्पण से कार्यक्रम को सफल बनाया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे तथा बिहार सरकार के मंत्री जमा खान सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शास्त्रीय गायन, लोकगीत और पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर प्रस्तुत हर कार्यक्रम ने बिहार की गौरवशाली विरासत और सांस्कृतिक विविधता को जीवंत कर दिया। उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे “उत्कृष्ट और प्रेरणादायक प्रयास” बताया।

 

इस आयोजन को सफल बनाने में बक्सर के छात्रों—अमृत राज पाण्डेय, अजय राज, आर्य गौतम, अभिषेक, विष्णु कांत, आशीष, अमन, रौनक, आर्यन, विवेक और सिद्धार्थ—का विशेष योगदान रहा। पूरी छात्र टीम ने एकजुट होकर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की और उसे भव्य स्वरूप दिया। विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों और दिल्ली में रह रहे प्रवासी बिहारवासियों का भी उन्हें भरपूर सहयोग मिला। महोत्सव के दौरान बिहार की पारंपरिक पहचान ‘लिट्टी-चोखा’ का भी विशेष आकर्षण रहा, जिसका सभी उपस्थित लोगों ने एक साथ आनंद लिया। इस आयोजन ने न केवल बिहार की संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया, बल्कि युवाओं में अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश भी दिया। ‘बिहार गौरव महोत्सव 2.0’ ने यह साबित कर दिया कि जब युवा अपनी संस्कृति और पहचान को लेकर आगे आते हैं, तो वे किसी भी मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button