OTHERS

देहरादून पब्लिक स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी सह बाल मेला का भव्य आयोजन, छात्रों की रचनात्मकता ने जीता अतिथियों का दिल

एसडीएम अविनाश कुमार ने किया उद्घाटन, पर्यावरण व हरित ऊर्जा मॉडल को मिला प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के गोलंबर जासो रोड स्थित देहरादून पब्लिक स्कूल के प्रांगण में विज्ञान प्रदर्शनी सह बाल मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर अरुण मोहन भारवि ने की।

 

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता से हुई, जिसका अवलोकन स्वयं एसडीएम ने किया। प्रतियोगिता में बच्चों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक परिधान पहनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा। इसके पश्चात विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडलों का अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बारीकी से निरीक्षण किया। छात्रों द्वारा बनाए गए पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं हरित ऊर्जा से संबंधित मॉडलों को विशेष रूप से सराहा गया। इन्हीं विषयों पर आधारित मॉडलों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

 

बाल मेला के दौरान बच्चों द्वारा स्वयं तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों की भी प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका स्वाद अतिथियों एवं अभिभावकों ने चखा और बच्चों की रचनात्मकता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक मनोज सिंह ने उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन संजय सागर ने किया, जबकि प्रधानाध्यापक प्रमोद ठाकुर ने आभार व्यक्त किया।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button