मातृशक्ति को समर्पित सेवा : नर्बदा देवी अग्रवाल की 100वीं जयंती पर महिला पुलिस बैरक का भव्य लोकार्पण
बाजार समिति रोड स्थित गृह रक्षा वाहिनी परिसर में हुआ कार्यक्रम, समाजसेवा की मिसाल बने अग्रवाल परिवार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार राज्य गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय परिसर, बाजार समिति रोड में रविवार को एक भावनात्मक और प्रेरणादायक आयोजन का साक्षी बना। इस अवसर पर स्वर्गीय मातृशक्ति नर्बदा देवी अग्रवाल की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में नवनिर्मित महिला पुलिस बैरक का भव्य लोकार्पण शिलापट्ट से पर्दा हटाकर एवं फीता काटकर किया गया।
इस गरिमामय समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडे तथा गृह रक्षा वाहिनी के कमांडेंट विनोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से बैरक का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी एवं पैथोलेब, नया बाजार के प्रोपराइटर डॉ. हनुमान प्रसाद अग्रवाल ने भावुक शब्दों में अपनी माता को याद करते हुए बताया कि उनके बड़े भाई दुलीचंद अग्रवाल (सेवानिवृत्त इंजीनियर, ऊर्जा विभाग, यूएसए) ने इस अवसर पर मां के नाम एक भावनात्मक कविता एवं भेजी है। कविता में मां की ममता, उनके स्नेह और जीवन में उनके महत्व को बेहद मार्मिक ढंग से व्यक्त किया गया।
कविता
“माँ की ममता चांदनी बन जीवन पथ पर रोशनी करती, उनकी बातें आज भी मन में मीठी सरगम भरती, छू लेती है याद तुम्हारी जब भी मन उदास हो जाए, मां तुम्हारी छाया ही मेरी सबसे बड़ी राहत बन जाए”
सन्देश
“आज हमारी मां हमारे साथ नहीं है फिर भी उन्होंने कभी भी अपना साथ नहीं छोड़ा, उनकी उपस्थिति आज भी हमारे साथ है और हमेशा रहेगी। उन्होंने जो पारिवारिक वैल्यू स्थापित की थी वह आज भी हमारे साथ हैं वह एक देवी थी। उन्होंने हमारी छोटी बहन संतोष को जन्माष्टमी के दिन जन्म दिया। मेरे छोटे भाई हनुमान को कार्तिक महीना में हनुमान जयंती के दिन जन्म दिया जो हमारे परिवार समाज तथा देश सेवा करते रहते हैं और मेरा जन्म 22 सितंबर को हुआ जिस दिन रात और दिन बराबर होते हैं यह एक देवी ही कर सकती थी।”
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय नर्बदा देवी अग्रवाल के 100वें जन्म वर्ष की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से इस महिला पुलिस बैरक का निर्माण कराया गया है, ताकि समाज और पुलिस बल को एक स्थायी सुविधा मिल सके। डॉ. अग्रवाल ने यह भी बताया कि इससे पहले भी उन्होंने पुलिस कर्मियों के लिए शहर में तीन बैरकों का निर्माण कराया है : मॉडल थाना के समीप, बायपास रोड, शांति नगर पुल के पास सिंडिकेट क्षेत्र के निकट। यह पहल उनके परिवार की समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कार्यक्रम में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, पूर्व यातायात प्रभारी अंगद सिंह, अनुराग पांडेय, डॉ. श्रवण तिवारी, सुरेश संगम छोटी बहन संतोष गोभील, बेटी रुचि, डोलसी, दामाद अभिषेक बंसल, सुपुत्र गोपाल अग्रवाल , डॉ देवकरण प्रसाद, डॉ श्वेत प्रकाश, अमरनाथ प्रसाद, मंगतू अग्रवाल, मुरारी लोहिया, सुभाष गोयल, अशोक प्रजापति, राजेश वर्मा, सुधा अग्रवाल, सुनील कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस आयोजन ने न केवल मातृशक्ति के सम्मान को नई ऊंचाई दी, बल्कि समाज में सेवा और समर्पण की प्रेरणा भी दी।
वीडियो देखें :





