CRIME

चौसा में कुएं से युवक का शव बरामद, इलाके में मचा हड़कंप

रविदास प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल 42 वर्षीय संजय राम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा नगर पंचायत स्थित विश्वकर्मा मंदिर के समीप गुरुवार की सुबह एक पुराने कुएं से 42 वर्षीय युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नरबतपुर गांव निवासी खोभारी राम के पुत्र संजय राम के रूप में की गई है। संजय बुधवार की शाम से ही लापता थे।

 

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह एक पत्थर विक्रेता जब कुएं के पास पहुंचा तो उसने पानी में शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। मामले की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शिनाख्त के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम क्षेत्र में रविदास प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकाला गया था, जिसमें संजय राम भी शामिल थे। देर रात घर नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश कर रहे थे।

 

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि देर रात लघुशंका के दौरान अंधेरे की वजह से संजय का संतुलन बिगड़ गया होगा और वे पुराने खुले कुएं में गिर गए होंगे। आसपास एकांत होने के कारण रात में किसी को उनकी आवाज सुनाई नहीं दी। इस संबंध में मुफस्सिल अपर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश कुएं में गिरने का प्रतीत होता है, फिर भी पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। संजय राम अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button