डीएवी स्कूल में वार्षिक कला, संगीत एवं विज्ञान प्रदर्शनी का हुआ आयोजन
विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र छात्राओं ने बनाया एक से बढ़कर एक मॉडल




न्यूज़ विज़न। बक्सर
शनिवार को डीएवी पब्लिक स्कूल लालगंज के प्रांगण में पूर्व नियोजित वार्षिक कला, संगीत एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में डॉ. सैकत देवनाथ विभागाध्यक्ष भौतिकी एम वी कॉलेज ने सर्वप्रथम रामानुजन टैलेंट सर्च में प्रथम एवं द्वितीय स्तर के पदक विजेताओं क्रमशः त्रिपर्णा जाना एवं अर्जुन सिंह को सम्मानित करते हुए अपने आशीर्वाद स्वरूप पढ़ाई के महत्व को समझाया।








विद्यालय के इस वार्षिक कला, संगीत एवं विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने हिंदी, अंग्रेजी एवं संस्कृत व्याकरण तथा साहित्य पर आधारित मॉडल प्रदर्शित किया। विज्ञान, गणित, सामाजिक अध्ययन, वाणिज्य एवं कंप्यूटर में विद्यार्थियों ने सिद्धांतों, नियमों एवं उनके अनुप्रयोगों पर आधारित एक से बढ़कर एक मॉडल का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में ‘आर्ट गैलरी’ ने सबका मनमोह लिया। जिसमें विद्यालय के नौनिहालों ने मधुबनी पेंटिंग तथा मिट्टी से बनी बचपन की खेल सामग्री का अदभुत प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ हरगोविंद, वरीय कृषि वैज्ञानिक राम केवल, एम पी हाई स्कूल के प्राचार्य डॉ विजय कुमार मिश्रा तथा प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ श्रीनिवास उपाध्याय ने शिरकत की एवं बच्चों का उत्साह वर्धन किया।



कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रधान सह क्षेत्रीय निदेशक वी आनंद कुमार ने डॉ देवनाथ और बक्सर जिला के अन्य विद्यालयों से आए हुए प्राचार्यों को इस कार्यक्रम में शिरकत करके विद्यार्थियों का उत्साह वर्धन करने के लिए बहुत-बहुत साधुवाद दिया। साथ ही विद्यालय के समस्त शिक्षक वृंद एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में बिहार जोन जे के सभी प्राचार्य भी उपस्थित रहे।

