गृह निर्माण के दौरान करंट लगने से कैमूर के मजदूर की मौत, काम के दौरान हुआ हादसा
कैमूर के 21 वर्षीय संतोष कुमार की सोहनीपट्टी मोहल्ले में घटना, अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत; पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा


न्यूज विज़न। बक्सर
नगर थाना क्षेत्र के सोहनीपट्टी मोहल्ले में गृह निर्माण कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार कैमूर जिला के हरिहरपुर गांव निवासी संतोष कुमार (21 वर्ष) एक ठेकेदार के साथ मजदूरी कर गृहनिर्माण कार्य करता था। मंगलवार की दोपहर वह सोहनीपट्टी मोहल्ले में चल रहे एक मकान के निर्माण कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान काम करते समय वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया।
साथ में काम कर रहे अन्य मजदूरों ने जब उसे करंट की चपेट में आते देखा तो तुरंत उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल प्रशासन द्वारा घटना की सूचना टाउन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा आवेदन दिए जाने पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





