कलेक्ट्रेट परिसर में रंगोली और शपथ से गूंजा लोकतंत्र का संदेश
विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आंगनबाड़ी सेविका सहायिकाओं ने रंगोली के माध्यम से चलाया मतदाता जागरूकता अभियान



न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) की शुरुआत जोश और उत्साह के साथ हुई। शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह के निर्देशन में समाहरणालय परिसर स्थित पार्क में रंगोली प्रतियोगिता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।








इस अवसर पर आईसीडीएस की आंगनबाड़ी सेविकाओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। रंगोलियों में “सशक्त नारी, मजबूत लोकतंत्र”, “महिला की भागीदारी, लोकतंत्र की जिम्मेदारी”, “पहले मतदान, फिर जलपान” और “मतदान है नारी का अधिकार” जैसे प्रभावी स्लोगन शामिल थे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह के साथ उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता अरुण कुमार, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, जिला परिवहन पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी बक्सर सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने रंगोलियों का अवलोकन किया और प्रतिभागियों की सराहना की।




रंगोली अवलोकन के बाद जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को मतदान की शपथ दिलाई। शपथ में लोकतंत्र की परंपराओं को बनाए रखने, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की गरिमा का सम्मान करने और हर परिस्थिति में निर्भीक होकर मतदान करने का संकल्प लिया गया।
शपथ : “हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।”
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले दिनों में जिलेभर में नुक्कड़ नाटक, खेल प्रतियोगिता और प्रभात फेरी जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे, ताकि हर मतदाता लोकतांत्रिक पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले सके।

