बिहार की बदली तस्वीर का सफर जारी, शिक्षा को नई उड़ान देंगे अरुण सिंह: पूर्व मंत्री निराला
बिहार को 2005 के पहले वाली स्थिति में नहीं जाने देंगे : अरुण सिंह




न्यूज़ विज़न। बक्सर
राज्य सरकार के पूर्व मंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता संतोष कुमार निराला ने बुधवार को कहा कि पार्टी ने शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में अरुण कुमार सिंह को जिम्मेदारी देकर एक सराहनीय निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अरुण सिंह समता पार्टी के दौर से ही संगठन के प्रति निष्ठावान रहे हैं और पेशे से शिक्षक होने के कारण शिक्षा के क्षेत्र से गहराई से जुड़े हुए हैं। अब उन्हें यह नई जिम्मेदारी मिलने से शिक्षा के क्षेत्र में पार्टी की नीतियों को और मजबूती से आगे बढ़ाने का काम होगा।






पूर्व मंत्री निराला स्थानीय अतिथि गृह में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जेडीयू और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काम में विश्वास करते हैं, और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। कुछ लोग सत्ता में आने के बाद तथाकथित ‘माई-बहिन योजना’ जैसी बात कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसे भ्रामक बयानों में न आएं और राज्य के विकास के लिए नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा बनाए रखें।

बिहार को फिर से पिछड़ेपन की ओर ले जाना चाहते हैं कुछ लोग: अरुण सिंह
इस मौके पर शिक्षा प्रकोष्ठ के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि कुछ राजनीतिक ताकतें बिहार को फिर से 2005 से पहले वाली अराजकता और पिछड़ेपन के दौर में धकेलना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार ने सत्ता संभाली, तब से बिहार की तस्वीर पूरी तरह बदल गई। अब लोग बिहार और बिहारी को सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अंग है और नीतीश सरकार में शिक्षा की स्थिति में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। पोशाक योजना और साइकिल योजना जैसे कदमों से स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अरुण सिंह ने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में भी राज्य ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।
बिहार डबल इंजन की सरकार में कर रहा निरंतर प्रगति
अरुण सिंह ने कहा कि बिहार डबल इंजन यानी राज्य और केंद्र सरकार के सहयोग से लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे राज्य की प्रगति के लिए जन-जन तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाएं। कार्यक्रम का विषय प्रवेश जेडीयू के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कराया। मंच पर जेडीयू नेता संजय सिंह राजनेता, दिनेश सिंह, विमलेंद्र कुमार, मोहन चौधरी, जय प्रकाश सिंह, विमलेश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने अरुण सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और पार्टी को मजबूत बनाने के संकल्प को दोहराया।
वीडियो देखें :

