शहर के शांति नगर पुल के समीप युवक को मारी गोली, आरोपी फरार, पुलिस कर रही छापेमारी



न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर पुल के समीप रविवार की देर रात गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना बीती रात तकरीबन 10 बजे की बताई जा रही है। इस वारदात में सोहनी पट्टी निवासी रामजन्म पाल के पुत्र राहुल पाल गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल बक्सर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया।








मिली जानकारी के अनुसार, घायल राहुल पाल को रात में सूचना मिली कि उनके नाना लक्ष्मण पाल के लॉज में रहने वाले कुछ युवकों के साथ झगड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही राहुल अपने मामा सुनील पाल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि लॉज के बगल में रहने वाले भोला मिश्रा और उसके साथियों ने लॉज में रहने वाले लड़कों के साथ मारपीट की है। इसी को लेकर राहुल और सुनील ने मामले की जानकारी लेने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। इसी बीच, आरोपी भोला मिश्रा ने अपने घर की खिड़की से पिस्तौल निकाल कर राहुल पर गोली चला दी, जो उनके बाएं हाथ में जा लगी। घटना के बाद राहुल लहूलुहान होकर गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।




गोली चलाने के बाद आरोपी भोला मिश्रा फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि भोला मिश्रा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई विवादों में शामिल रह चुका है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायल राहुल पाल का बयान दर्ज कर एफआईआर दर्ज कर ली है। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान पक्की हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इलाके में दहशत का माहौल
रिहायशी क्षेत्र में हुई इस गोलीबारी से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि आए दिन शांति नगर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है, जिससे इलाके का माहौल बिगड़ता जा रहा है। उन्होंने पुलिस से इलाके में नियमित गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

