सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने अपने माता-पिता का पूजन कर लिया आशीर्वाद
सरस्वती शिशु मंदिर, रामरेखा घाट में वार्षिकोत्सव सह मातृ-पितृ पूजन उत्सव का हुआ भव्य आयोजन


न्यूज विजन। बक्सर
सरस्वती शिशु मंदिर, रामरेखा घाट में वार्षिकोत्सव सह मातृ-पितृ पूजन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भोजपुर विभाग प्रमुख लालबाबू प्रसाद, बालिका खण्ड संकुल प्रमुख मनोरंजन सिंह, अहिरौली विद्या मंदिर के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार और प्रधानाचार्य जैनेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती व भारतमाता के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया।
अतिथियों का परिचय प्रधानाचार्य ने कराया। आचार्या माया देवी के संचालन में कक्षा अष्टम की छात्राओं ने अभिभावकों के समक्ष स्वागत-नृत्य प्रस्तुत किया। सभी छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने माता-पिता का रोली-चंदन, अक्षत और दीप से पूजन-वंदन और आरती किया। अत्यंत संस्कारक्षम वातावरण में सुसंचालित इस कार्यक्रम के साथ बाल मेला में सजे स्टॉल का उद्घाटन उपस्थित अतिथियों द्वारा किया गया। शिशु-विद्या मंदिर के अनेक बच्चों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर बच्चों खूब चाटकारे लिए और विभिन्न आइटम्स का लुफ्त उठाया।
विभाग निरीक्षक बाबूलाल प्रसाद ने कहा कि विद्या भारती द्वारा मातृ-पितृ पूजन सह वार्षिकोत्सव द्वारा बच्चों में माता पिता के प्रति सम्मान का जागृत किया जाता है। अभिभावकों की तत्परता और रुचि से हमें शिक्षा के साथ संस्कार की दिशा में अच्छी सफलता मिल रही है। कन्हैया पाठक ने कहा कि बच्चों द्वारा माता-पिता का यह उत्कृष्ट पूजन देखकर मुझे सुखद अनुभूति हो रही है। शिशु-विद्या मंदिर द्वारा आयोजित इस तरह का कार्यक्रम बच्चों में अच्छे संस्कार का बीजारोपण करने में पूर्णतः सक्षम है। इसका अनुकरण अन्य प्रकार के विद्यालयों को भी अवश्य ही करना चाहिए, ताकि भावी पीढ़ी के बीच संस्कार को बचाया जा सके। मौके पर ममता सिंह, वीणादेवी, एकता कुमारी, सीमा सिंह, सुनील दुबे, उमेश कुमार पाठक मौजूद थे।





